कोलकाता हादसे के बाद UP में दुर्गा पूजा पंडालों की सुरक्षा कड़ी, सीएम योगी आदित्यनाथ ने दिए निर्देश
प्रदेश सरकार ने कोलकाता में हुई घटना के मद्देनजर प्रदेश में दुर्गा पूजा पंडालों की सुरक्षा को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार सुबह प्रदेश के सभी पुलिस कमिश्नर, जिलाधिकारियों और पुलिस कप्तानों को दुर्गा पंडालों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने अधिकारियों को पंडालों में अग्नि सुरक्षा के इंतजामों की जांच करने के साथ ही प्रवेश और निकास मार्गों का निरीक्षण करने को कहा है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाला जा सके।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निर्देश दिए हैं कि सभी अधिकारी दुर्गा पूजा पंडालों में अग्निशमन सुरक्षा व्यवस्था की जांच कराएं। जिलाधिकारी और पुलिस कप्तान स्वयं प्रवेश और निकास द्वारों का निरीक्षण करें। पंडालों में आपातकालीन निकास (इमरजेंसी एग्जिट) की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे भीड़ के दौरान किसी अप्रिय स्थिति में लोगों को सुरक्षित निकाला जा सके इसके साथ ही पंडालों में बिजली की व्यवस्था की भी जांच कराने के निर्देश दिए गए हैं। शार्ट सर्किट या अन्य विद्युत संबंधी दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए बिजली सुरक्षा के इंतजामों पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है। मुख्यमंत्री ने सभी अधिकारियों को फील्ड में रहकर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करने और जरूरी इंतजाम सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

