‘भारत के लिए गर्व का पल’, PM मोदी और राष्ट्रपति ने एशिया कप जीतने पर भारतीय महिला टीम को दी बधाई
भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मु ने सोमवार को भारतीय महिला क्रिकेट टीम को एशिया कप जीतने पर बधाई दी है और टीम की जमकर तारीफ की है। भारत ने दुबई में खेले गए फाइनल मैच में श्रीलंका को मात दे आठवीं बार खिताब अपने नाम किया।
भारत के लिए गर्व का पल
पीएम ने एक्स पर टीम इंडिया के लिए बधाई संदेश लिखा है और एशिया कप जीत को भारत के लिए गर्व का पल बताया है। उन्होंने लिखा, “भारतीय क्रिकेट के लिए गर्व का पल। एशिया कप जीतने पर भारतीय महिला क्रिकेट टीम को बधाई। उनका आत्मविश्वास, निरंतरता और शानदार भावना पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन तरह से सामने आई। उम्मीद है कि टीम की ये जीत देश के लाखों युवाओं को खेलने और चमकने के लिए प्रेरित करेगी।”
राष्ट्रपति ने भी दी बधाई
वहीं राष्टपति मुर्मु ने भी टीम को बधाई देते हुए एक्स पर लिखा कि महिला टीम ने देश का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है और उम्मीद जताई है कि टीम ऐसी ऐतिहासिक उपलब्धियां और भी हासिल करती रहेगी।उन्होंने लिखा, “महिला एशिया कप चैंपियनशिप 2026 का खिताब जीतने पर टीम इंडिया को मेरी तरफ से शुभकामनाएं। वह पूरे टूर्नामेंट में शानदार खेलीं और सभी मैच जीती हैं। उन्होंने देश को गर्व करने का मौका दिया है। वह हमारे युवाओं के लिए प्रेरणास्त्रोत हैं, खासकर हमारी बेटियों के लिए। मुझे यकीन है कि वह इस तरह के और ऐतिहासिक पन्ने लिखेंगी।”

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

