दानापुर रेल मंडल के अंतर्गत आरा जंक्शन पर रविवार तड़के महानंदा एक्सप्रेस के बेपटरी होने के बाद रेल परिचालन बुरी तरह प्रभावित हुआ।
हादसे के कारण आरा जंक्शन आने वाली और यहां से गुजरने वाली करीब 10 से अधिक ट्रेनों के परिचालन पर असर पड़ा। रेलवे की ओर से राहत एवं बचाव कार्य के साथ ट्रैक को दुरुस्त करने का काम शुरू किया गया।
हालांकि, इसके बाद भी पटना से आरा जंक्शन के बीच कई स्टेशनों पर ट्रेनों को रोककर चलाया गया। इससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
पटना जंक्शन से चलने वाली वंदे भारत ट्रेन को आरा जंक्शन पर एक नंबर प्लेटफार्म से गुजारा गया। कई यात्री घंटों ट्रेन के अंदर बैठे रहे और ट्रेनों के विलंब से अपने गंतव्य तक पहुंचने की स्थिति बनी।
कई ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित
परिचालन प्रभावित होने वाली ट्रेनों में हावड़ा-अमृतसर मेल, नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस, विभूति एक्सप्रेस, गांधीधाम एक्सप्रेस, आरा-कैपिटल एक्सप्रेस, फरक्का एक्सप्रेस, भभुआ इंटरसिटी एक्सप्रेस, कोलकाता-आरा गरीब रथ एक्सप्रेस, पटना-बनारस मेमू, उधना-अयोध्या एक्सप्रेस, सीमांचल एक्सप्रेस और साउथ बिहार एक्सप्रेस शामिल रहीं।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, ट्रैक पर स्थिति सामान्य करने के लिए युद्धस्तर पर कार्य किया गया। हादसे के बाद ट्रेनों को नियंत्रित गति से चलाने तथा आवश्यकता के अनुसार विभिन्न स्टेशनों पर रोकने की व्यवस्था की गई।
इससे पटना-आरा रेलखंड पर यात्रियों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। रेलवे की टीम परिचालन को पूरी तरह सामान्य करने में जुटी रही।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

