हिमाचल: शाहपुर के दरीणी में बाइक खाई में गिरने से एक ही गांव के तीन युवाओं की मौत

1609 Shares

 हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा में एक दर्दनाक हादसे में तीन युवाओं की मौत हो गई। शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत दरीणी पंचायत के चनैना गांव के तीन युवा हादसे का शिकार हुए हैं। भलेड़ पावर हाउस के समीप देर रात मोटरसाइकिल खाई में जा गिरा। मृतकों की पहचान अशोक कुमार, प्रिंस तथा पवन कुमार के रूप में हुई है। इस दुखद हादसे से क्षेत्र में शोक की लहर है।

हादसे की सूचना मिलते ही उप मुख्य सचेतक एवं शाहपुर के विधायक केवल सिंह पठानिया सिविल अस्पताल शाहपुर पहुंचे और शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए इस कठिन समय में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

धर्मशाला में होगा पोस्टमार्टम
विधायक ने तीनों मृतकों के पोस्टमार्टम के संबंध में धर्मशाला में मुख्य चिकित्सा अधिकारी से दूरभाष पर बातचीत की तथा शवों को धर्मशाला ले जाने के लिए आवश्यक व्यवस्था भी करवाई।

इस दौरान नगर पंचायत शाहपुर के उपाध्यक्ष राजीव पटियाल, पार्षद अभिषेक माथुर, पूर्व पार्षद शुभम ठाकुर सहित अन्य स्थानीय लोग भी सिविल अस्पताल शाहपुर पहुंचे और शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं।

निधन पर शोक जताया

विधायक केवल सिंह पठानिया ने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करने तथा शोकाकुल परिवारों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *