कनाडा में नहीं, भारत में ही छिपा है 1 लाख का इनामी भोलू; अंकित बालियान मर्डर केस में बड़ा खुलासा
हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड की जांच में अब एक और अहम पहलू सामने आया है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि अंकित की हत्या के बाद इंटरनेट मीडिया पर राहुल उर्फ भोलू शाहपुरिया के नाम से डाली गई जिम्मेदारी वाली पोस्ट भोलू ने नहीं, बल्कि उसके चचेरे भाई चिराग ने कनाडा से डाली थी।
अंकित की 26 अगस्त को हुई थी हत्या
अंकित बालियान की 26 अगस्त को शामली में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हत्या के बाद इंटरनेट मीडिया पर भोलू शाहपुरिया के नाम से एक पोस्ट वायरल हुई, जिसमें हत्याकांड की जिम्मेदारी ली गई थी।
शुरुआती जांच में पुलिस के सामने यह सवाल था कि करीब तीन साल से फरार भोलू ने यह पोस्ट कहां से और कैसे डाली। जांच आगे बढ़ी तो पोस्ट का कनेक्शन उसके चचेरे भाई चिराग के कनाडा नंबर से जुड़ने की बात सामने आई।
चिराग कनाडा में रह रहा है और वहीं से भोलू के नाम से इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट डाले जाने की बात सामने आई है। इसी कारण भोलू के भी कनाडा में छिपे होने की आशंका जताई जाती रही।
हालांकि अब मिले इनपुट पुलिस की जांच की दिशा बदल रहे हैं। आशंका है कि भोलू भारत में ही किसी सुरक्षित ठिकाने पर छिपा हुआ है और चिराग के जरिये विदेश में अपनी मौजूदगी का भ्रम बनाए हुए था। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि भारत में भोलू को किसने पनाह दी।
तीन साल से पुलिस की पकड़ से बाहर है भोलू
राहुल उर्फ भोलू शाहपुरिया हरियाणा पुलिस का वांछित बदमाश है। उसकी गिरफ्तारी पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित है। वह करीब तीन साल से पुलिस की पकड़ से बाहर है। इस दौरान पुलिस ने उसके संभावित ठिकानों और संपर्कों पर कई बार दबिश दी, लेकिन वह हाथ नहीं आया।
कनाडा से अंकित बालियान की हत्या की जिम्मेदारी लेने वाली पोस्ट के जरिये पुलिस को यह विश्वास दिलाने की कोशिश की गई कि भोलू विदेश में बैठकर गैंग चला रहा है, जबकि वह भारत में छिपा था।
गोगी और पंपू गैंग ने मिलकर दिया है हत्याकांड को अंजाम
अंकित हत्याकांड को गोगी और सिवाह के पंपू गैंग ने मिलकर अंजाम दिया
सोनीपत के मोहित और सुमित गोगी गैंग से जुड़े थे। जबकि फरार चल रहे शूटर सत्यम और आर्यन की पंपू गैंग से जुड़े होने की बात सामने आई है।
भोलू गोगी और पंपू गैंग के बीच की कड़ी है। उसके दोनों ही गैंग से संबंध है। पंपू गैंग का सरगना राकेश पंपू रिश्ते में भोलू और चिराग का मामा लगता है। ऐसे में इन्होंने हत्याकांड में पंपू की भी मदद मिली।
भोलू शाहपुरिया पर एक लाख रुपये का इनाम है। वह दीपक गुहणा हत्याकांड में वांछित है और यमुनानगर ट्रिपल मर्डर में भी उसकी संलिप्तता सामने आई है। अंकित हत्याकांड में विदेश कनेक्शन समेत पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

