NHAI टोल फर्जीवाड़ा मामले में बड़ा एक्शन! जम्मू में ED की रेड, कारोबारी राकेश चौधरी के घर-दफ्तर पर छापेमारी

1234 Shares

भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के टोल प्लाजा पर टोल वसूली के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बुधवार सुबह जम्मू समेत देश के विभिन्न हिस्सों में एक साथ तलाशी अभियान चलाया। जम्मू में यह कार्रवाई कारोबारी राकेश चौधरी से जुड़े परिसरों में किए जाने की सूचना है।

ईडी के लखनऊ जोनल कार्यालय की ओर से धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत तलाशी ली जा रही है। कार्रवाई उत्तर प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, जम्मू, मध्य प्रदेश, एनसीआर और कोलकाता में अलग-अलग स्थानों पर की जा रही है।

ईडी की जांच एनएचएआई के विभिन्न टोल प्लाजा पर किए गए फर्जी टोल संग्रह से जुड़ी है। जांच एजेंसी के अनुसार, इस पूरे मामले में अनधिकृत साफ्टवेयर एप्लीकेशन का इस्तेमाल कर फर्जी अथवा अनधिकृत टोल रसीदें तैयार किए जाने के आरोप सामने आए हैं। इस माध्यम से एकत्र धनराशि को एनएचएआई की आधिकारिक लेखा प्रणाली से बाहर भेजा गया।

गांधी नगर स्थित आवास पर पहुंची ED

सुबह नौ बजे के करीब ईडी की टीम केन्द्रीय सुरक्षा बलों के साथ राकेश चौधरी के गांधी नगर ग्रीन बेल्ट स्थित आवास पर पहुंची। सुरक्षा बलों घर को सील कर लिया और किसी को ना तो बाहर आने दिया और ना हीं किसी को घर के भीतर प्रवेश करने की इजाजत दी गई। राकेश चौधरी का त्रिकुटा नगर में कार्यालय है।

वहां भी ईडी की टीम द्वारा रिकार्ड को खंगाले जाने की सूचना है। समाचार लिखे जाने तक छापेमारी जारी थी। सूत्रों के अनुसार ईडी अब तलाशी के दौरान मिले दस्तावेजों, डिजिटल उपकरणों और अन्य रिकार्ड के आधार पर कथित धन के प्रवाह और इससे जुड़े लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। जम्मू में चल रही कार्रवाई को लेकर स्थानीय स्तर पर भी हलचल बनी हुई है।

तलाशी के बाद सामने आएगी अगली कार्रवाई

हालांकि, तलाशी पूरी होने के बाद ही ईडी की ओर से जब्ती, बरामदगी और मामले में आगे की कार्रवाई को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आने की संभावना है। गौरतलब है कि राकेश चौधरी की कंपनी जम्मू कश्मीर के अलावा देश के कई राज्यों में टोल प्लाजा पर टोल वसूलने के ठेके लेती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *