जम्मू-कश्मीर बोर्ड ऑफ प्रोफेशनल एंट्रेंस एग्जामिनेशन ने नीट-पीजी (एमडीएस)-2026 के अभ्यर्थियों की प्रोविजनल मेरिट लिस्ट जारी कर दी है। साथ ही इस संबंध में महत्वपूर्ण सूचना जारी की है। बोर्ड की तरफ से जारी अधिसूचना के तहत नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन द्वारा नीट- पीजी (एमडीएस)-2026 का परिणाम घोषित किए जाने के बाद, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, भारत सरकार से प्राप्त नीट-पीजी आंकड़ों के आधार पर जम्मू-कश्मीर और लद्दाख केंद्र शासित प्रदेशों के अभ्यर्थियों की एक अस्थायी रोल नंबरवार सूची बोर्ड द्वारा 29 जुलाई 2026 को जारी की गई थी।
डोमिसाइल से डिग्री तक, दस्तावेजों में मिली खामियां
बोर्ड के अनुसार, अभ्यर्थियों द्वारा भरे गए ऑनलाइन पंजीकरण फॉर्म और अपलोड किए गए दस्तावेजों की जांच की गई है। जांच के दौरान यह पाया गया कि कुछ अभ्यर्थियों के एक या अधिक आवश्यक दस्तावेज अधूरे अथवा उपलब्ध नहीं हैं। इन दस्तावेजों में डोमिसाइल प्रमाणपत्र, जन्मतिथि प्रमाणपत्र, श्रेणी प्रमाणपत्र, जम्मू-कश्मीर स्टेट डेंटल काउंसिल का पंजीकरण प्रमाणपत्र, इंटर्नशिप पूर्णता प्रमाणपत्र, डिग्री प्रमाणपत्र आदि शामिल हैं।
इसके अलावा, केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख के अभ्यर्थियों के लिए अनिवार्य सेवा बांड से संबंधित दस्तावेजों में भी कमी पाई गई है। बोर्ड ने बताया कि ऐसे अभ्यर्थियों के नाम, जिनके दस्तावेजों में कमी पाई गई है, को अलग से सूचीबद्ध किया गया है।
2 सितंबर तक जमा करने होंगे जरूरी दस्तावेज
संबंधित अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे बोर्ड द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि नीट- पीजी (एमडीएस)-2026 की प्रोविजनल मेरिट लिस्ट तैयार करने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा सके।
इन उम्मीदवारों को आनलाइन काउंसलिंग में भाग लेने की अनुमति होगी बशर्ते की उम्मीदवारों को दो सितंबर तक दस्तावेज बोर्ड के जम्मू या श्रीनगर कार्यालयों में जमा करवाने होंगे। आनलाइन काउंसलिंग की जानकारी अलग से दी जाएगी। बोर्ड की वेबसाइट के संपर्क में बने रहने के लिए कहा गया है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

