पलवल में हादसे का खतरा बढ़ा रहे थे हाईवे के गड्ढे, जागरण ने उठाया मुद्दा तो NHAI ने कराया पेचवर्क

1802 Shares

 पलवल-अलीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-334डी) पर बने गड्ढों को लेकर दैनिक जागरण की खबर का असर हुआ है। खबर प्रकाशित होने के बाद भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) ने राजमार्ग पर क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत कराकर गड्ढों का पेचवर्क कराया है। इससे वाहन चालकों को फिलहाल राहत मिली है।

बढ़ गया था हादसे का खतरा
दैनिक जागरण ने 26 अगस्त को राजमार्ग के किठवाड़ी चौक से पेलक इंटरचेंज तक बने करीब 7.4 किलोमीटर लंबे हिस्से में जगह-जगह हुए गड्ढों को प्रमुखता से उठाया था। जीवन ज्योति स्कूल के पास सड़क पर बने गहरे गड्ढों के कारण वाहन चालकों को परेशानी हो रही थी। वर्षा के बाद गड्ढों में पानी भरने से हादसे का खतरा भी बढ़ गया था।खबर में यह भी बताया था कि जीवन ज्योति स्कूल के पास कुछ गड्ढों में पेचवर्क के नाम पर मिट्टी भर दी गई थी। वर्षा के बाद मिट्टी बहने से सड़क दोबारा क्षतिग्रस्त होने लगी थी। नए बने राजमार्ग पर इतनी जल्दी गड्ढे होने से स्थानीय लोगों ने सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए जांच और स्थायी मरम्मत की मांग की थी।

हजारों वाहनों का होता है आवागमन

पलवल-अलीगढ़ मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में भारी वाहन गुजरते हैं। टोल से बचने के लिए गुरुग्राम, रेवाड़ी और राजस्थान से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़, बुलंदशहर, मेरठ, खुर्जा, हाथरस और जेवर की ओर जाने वाले कई वाहन चालक इस मार्ग का इस्तेमाल करते हैं।

ऐसे में सड़क की खराब स्थिति वाहन चालकों के लिए परेशानी के साथ हादसे का कारण भी बन सकती है। एनएचएआइ की ओर से गड्ढों का पेचवर्क कराए जाने के बाद स्थानीय लोगों ने राहत जताई है। हालांकि लोगों का कहना है कि सिर्फ पेचवर्क के बजाय सड़क की गुणवत्ता की भी जांच होनी चाहिए, ताकि कुछ समय बाद दोबारा गड्ढे न बनें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *