ओडिशा में हाई-प्रोफाइल बनकर ज्वेलरी शॉप पहुंचीं देवरानी-जेठानी, नकली सोना थमाकर ले गई असली नेकलेस

6.6kViews
1124 Shares

ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में एक ज्वेलरी दुकान को नकली सोना देकर असली आभूषण ले जाने के आरोप में दो महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, दोनों महिलाएं खुद को संपन्न और हाई-प्रोफाइल ग्राहक बताकर दुकानदारों को झांसे में लेती थीं। बताया जा रहा है कि वे एक संगठित गिरोह का हिस्सा हैं और आपस में रिश्तेदार (देवरानी-जेठानी) हैं।

पुलिस के मुताबिक, दोनों महिलाएं आकर्षक और महंगे परिधानों में ज्वेलरी दुकानों पर पहुंचती थीं तथा महंगे गहने खरीदने की बातचीत करती थीं। दुकानदारों का विश्वास जीतने के बाद वे कथित तौर पर नकली सोना देकर असली आभूषण लेकर फरार हो जाती थीं।

नकली सोना देकर ले गईं असली नेकलेस

24 अगस्त को दोनों महिलाओं ने भुवनेश्वर की एक ज्वेलरी दुकान में इसी तरह की ठगी को अंजाम दिया। आरोप है कि उन्होंने करीब 22 ग्राम वजन की नकली सोने की चेन दुकानदार को थमा दी और बदले में 22 कैरेट का असली सोने का नेकलेस लेकर चली गईं।

बाद में जब दुकानदार को धोखाधड़ी का पता चला तो उसने खारवेल नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की और पहले एक महिला को गिरफ्तार किया।

रेलवे स्टेशन के पास होटल से दूसरी आरोपी गिरफ्तार

पूछताछ के दौरान पुलिस को दूसरी आरोपी के बारे में जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने भुवनेश्वर रेलवे स्टेशन के निकट स्थित एक होटल में छापेमारी कर दूसरी महिला को भी गिरफ्तार कर लिया। खारवेल नगर थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार दोनों महिलाएं उत्तर प्रदेश की रहने वाली हैं। गिरोह के दो अन्य सदस्य अभी फरार हैं और उनकी तलाश जारी है।

पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या यह गिरोह अन्य शहरों या राज्यों में भी इसी तरह की ज्वेलरी ठगी की घटनाओं में शामिल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *