नंबर प्लेट छिपाने का देसी जुगाड़! टेप-पेंट से नंबर ढके, स्कूटी पर 90+ और बुलेट पर 109 चालान; जम्मू में कई वाहन जब्त
ट्रैफिक नियमों की अनदेखी कर वाहनों की नंबर प्लेट से छेड़छाड़ करने वालों के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस जम्मू ने कार्रवाई तेज कर दी है। मंगलवार को शहर में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान ट्रैफिक पुलिस ने कई दोपहिया वाहनों को जब्त कर उन्हें टो करके पुलिस लाइन में ले जाया गया। कार्रवाई के दौरान ऐसे वाहन भी पकड़े गए, जिनकी नंबर प्लेट को टेप, पेंट और पालिथीन आदि से छिपाने का प्रयास किया गया था।
एक बुलेट मोटरसाइकिल पर 109 चालान दर्ज
डीएसपी ट्रैफिक सिटी साउथ सुनैया वानी के अनुसार, वाहन चालक चालान से बचने के लिए नंबर प्लेट को इस तरह ढक रहे हैं कि कैमरों और अन्य माध्यमों से वाहन का नंबर स्पष्ट दिखाई न दे। कुछ वाहनों की नंबर प्लेट के बीच में इस तरह से छेड़छाड़ की गई थी कि अंक पढ़े नहीं जा सकें। पुलिस ने इसे गंभीर मामला मानते हुए ऐसे वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की।कार्रवाई के दौरान कई ऐसे दोपहिया वाहन पकड़े गए, जिन पर बड़ी संख्या में पुराने चालान लंबित थे। इनमें एक स्कूटी पर 90 से अधिक चालान पाए गए। उसे जब्त कर लिया गया है। इससे पहले जानीपुर इलाके में भी कार्रवाई के दौरान एक बुलेट मोटरसाइकिल सामने आई थी, जिस पर पहले से 109 चालान दर्ज थे।
नंबर प्लेट छिपाने के पीछे की मानसिकता पर उठाए सवाल
डीएसपी ट्रैफिक ने कहा कि यदि किसी वाहन चालक की नीयत गलत नहीं है तो उसे नंबर प्लेट छिपाने की जरूरत ही क्यों पड़ती है। नंबर प्लेट पर टेप लगाना, उसे पॉलिथीन से ढकना, पेंट करना या अंक बिगाड़ना केवल चालान से बचने का प्रयास नहीं, बल्कि यातायात नियमों की गंभीर अनदेखी है।
उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में वाहन चालकों की मानसिकता को समझना जरूरी है कि आखिर वे नंबर छिपाकर किससे बचना चाहते हैं। ट्रैफिक नियमों का पालन करवाने के लिए पुलिस अपनी जिम्मेदारी निभा रही है, लेकिन नियमों का पालन करना नागरिकों की भी जिम्मेदारी है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

