महिला उत्पीड़न की शिकायत पर थाने पहुंचे युवक ने पिया टायलेट क्लीनर

9.3kViews
1814 Shares

नौबस्ता में महिला उत्पीड़न की शिकायत पर पूछताछ के लिए थाने बुलाए गए युवक ने मंगलवार रात नशे की हालत में थाने के अंदर टायलेट क्लीनर पी लिया। घटना के बाद पुलिसकर्मियों में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन पुलिसकर्मी युवक को कांशीराम अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से डाक्टर ने उसे एलएलआर अस्पताल रेफर कर दिया। युवक को आइसीयू में भर्ती कराया गया है।
नौबस्ता थानाप्रभारी बहादुर सिंह ने बताया कि नौबस्ता निवासी एक महिला के ससुर ने सरसौल के महोली गांव निवासी आशीष द्विवेदी के खिलाफ उत्पीड़न की शिकायत की गई थी। आरोप है कि आशीष अलग-अलग नंबरों से महिला को फोन कर परेशान करता था। विरोध पर उसे और परिवार वालों को जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। इसी शिकायत के संबंध में पुलिस ने आशीष को फोन कर थाने बुलाया था। आशीष दिन में थाने नहीं आया। मंगलवार रात करीब 11:30 बजे वह अपने दोस्त सहज सिंह गौतम के साथ नशे की हालत में थाने पहुंचा। वहां वह पुलिसकर्मियों से उलझने लगा। पुलिसकर्मियों ने कई बार समझाकर उसे जाने के लिए कहा, लेकिन वह पूछताछ कराने पर अड़ा रहा। इसके बाद पुलिस ने दोनों को थाने में बैठा लिया। इसके बाद दोनों का मेडिकल कराने की तैयारी की जा रही थी, तभी आशीष ने लघुशंका जाने की बात कही। इस पर सिपाही उसे बाथरूम लेकर गया, जहां पहले से रखा टायलेट क्लीनर उठाकर आशीष ने उसे पी लिया। हालत बिगड़ने पर पुलिसकर्मी तत्काल उसे अस्पताल ले गए। फिलहाल एलएलआर अस्पताल के आइसीयू में उसका इलाज चल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *