ओल्ड फरीदाबाद थाना क्षेत्र की भीम बस्ती में नौकरी करने की बात कहने पर एक युवक ने अपने पिता पर चाकू से हमला कर दिया। आरोपित ने घर में रखे सब्जी काटने वाले चाकू से पिता की कमर और छाती पर कई वार किए।
क्या है पूरा मामला?
घायल का नाम बालकिशन उम्र 46 साल है। बालकिशन ने बताया कि 16 अगस्त की शाम करीब चार बजे वह अपनी पत्नी पूनम और दोनों बेटों विकास उर्फ विक्की और योगेश उर्फ योगी के साथ घर पर थे। इस दौरान वह और उनकी पत्नी अपने बड़े बेटे 22 वर्षीय विकास को कहीं नौकरी करने के लिए कह रहे थे।
बालकिशन के अनुसार नौकरी करने की बात पर विकास गाली-गलौच करने लगा। उन्होंने उसे गाली देने से मना किया तो विकास ने घर में रखा सब्जी काटने वाला चाकू उठा लिया और उन पर हमला कर दिया। चाकू के वार से उनकी कमर और छाती पर चोट लगी।
उन्होंने शोर मचाया तो विकास जान से मारने की धमकी देकर घर से भाग गया। इसके बाद पत्नी पूनम घायल बालकिशन को बीके अस्पताल लेकर पहुंचीं। उनकी हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें सफदरजंग अस्पताल, दिल्ली रेफर कर दिया। मेडिकल रिपोर्ट में उनके शरीर पर धारदार हथियार से लगी तीन चोटों का उल्लेख किया गया है।
पुलिस के अनुसार बालकिशन का उपचार सफदरजंग अस्पताल में चल रहा था। 18 अगस्त को चिकित्सकों ने उन्हें बयान देने के लिए फिट बताया। इसके बाद पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर उनके बयान दर्ज किए। पुलिस ने बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर विकास उर्फ विक्की के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपित की तलाश कर रही है और घटना की जांच में जुटी है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

