जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान आतंकी हमले की थी साजिश, जैश आतंकी से पूछताछ में कई सनसनीखेज खुलासे

2.2kViews
1508 Shares

जैश-ए-मोहम्मद के संदिग्ध आतंकी हमीम मंडल से पूछताछ में कई चौंकाने वाले राजफाश हुए हैं। बंगाल एसटीएफ के आइजी गौरव शर्मा ने बताया कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर हाल में हुए छात्र प्रदर्शन के दौरान पुलिस की वर्दी पहनकर हमले की साजिश रची गई थी। हमीम वहां पहुंचा था या नहीं, इसकी जांच की जा रही है।

बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी समेत कई राजनेता व वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी आतंकियों के निशाने पर थे। मुख्यमंत्री की गतिविधियों पर नजर रखने और ऐसे स्थानों की जानकारी जुटाने का जिम्मा हमीम को ही दिया गया था। भाजपा विधायक एवं मंत्री उमेश राय के पुत्र के अपहरण और फिरौती की साजिश की जांच के दौरान इस नेटवर्क का पता चला था।

आतंकी हमीम की महिला मित्र झारखंड से गिरफ्तार

एसटीएफ ने हमीम की महिला मित्र अर्पिता सरकार को झारखंड के साहिबगंज से गिरफ्तार किया है। एसटीएफ का दावा है कि अर्पिता संदिग्ध आतंकी माड्यूल की सक्रिय सदस्य है।

अर्पिता झारखंड स्थित बीएसके कालेज में सत्र 2022-26 की अंग्रेजी ऑनर्स की छात्रा है। उसके पिता स्टेशनरी की दुकान चलाते हैं। मां आंगनबाड़ी सेविका थीं, जिनका करीब चार वर्ष पहले निधन हो चुका है।

जांच एजेंसियों के अनुसार, अर्पिता करीब चार वर्ष पहले इंटरनेट मीडिया के माध्यम से हमीम के संपर्क में आई थी। आरोप है कि वह उसके निर्देश पर विभिन्न गतिविधियों में सहयोग करती थी। इनमें लोगों को हनी ट्रैप में फंसाने की कोशिश, मोबाइल नंबर जुटाना, व्यक्तियों एवं घरों की तस्वीरें एकत्र करना तथा रेकी करना शामिल है।

इंटरनेट मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्मों के जरिए नए लोगों की भर्ती करना भी उसकी जिम्मेदारी थी। इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है और मामले की जांच जारी है।

आमने-सामने बिठाकर होगी पूछताछ

ट्रांजिट रिमांड पर बर्द्धमान लाकर अदालत में पेश करने पर उसे 14 दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। अब हिरासत में हमीम व अर्पिता को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ की जाएगी।

अर्पिता के भी पाकिस्तान के आतंकी नेटवर्क से सीधे संपर्क के संकेत मिले हैं। हमीम और अर्पिता इंटरनेट मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्मों के माध्यम से किन विदेशी हैंडलरों के संपर्क में थे और बंगाल औझारखंड के रास्ते संदिग्ध फंडिंग कैसे पहुंचाई जाती थी, एसटीएफ इसकी भी जांच कर रही है।

मालूम हो कि बंगाल एसटीएफ ने गत गुरुवार को पूर्व बर्द्धमान के एक आवासीय परिसर के जिम से हमीम को गिरफ्तार किया था। एसटीएफ का दावा है कि वह पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई, कुख्यात गैंग्सटर शहजाद भट्टी और पुलवामा हमले के आरोपित सज्जाद भट्ट के संपर्क में था।

हमीम और अर्पिता के बीच हुई कई वाट्सएप चैट से नेटवर्क के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। यह भी संकेत मिले हैं कि दोनों को अलग-अलग ‘असाईनमेंट’ दिए जाते थे।

सामान्य फोन कॉल के बजाय दोनों विशेष एन्क्रिप्टेड मोबाइल एप के जरिए संपर्क में रहते थे। जांच एजेंसी उनके डिजिटल नेटवर्क, डार्क वेब से संभावित संबंध और अन्य संपर्कों की भी पड़ताल कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *