अखिलेश यादव की बेटी के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट की शिवपाल सिंह यादव ने की कड़ी निंदा, बोले- यह बेहद शर्मनाक

5.0kViews
1445 Shares

 आगरा मार्ग स्थित एम.एस. रिसोर्ट में आयोजित विराट कवि सम्मेलन कार्यक्रम में पहुंचे समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं जसवंतनगर विधायक शिवपाल सिंह यादव ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की पुत्री के खिलाफ सोशल मीडिया पर की जा रही आपत्तिजनक टिप्पणियों को लेकर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की।

पत्रकारों से बातचीत के दौरान शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि किसी भी व्यक्ति, विशेषकर महिलाओं और बेटियों के विरुद्ध अभद्र एवं आपत्तिजनक टिप्पणियां करना सामाजिक मर्यादाओं के विरुद्ध है और इसकी जितनी निंदा की जाए, कम है।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा से जुड़े कुछ लोग और समर्थक इस प्रकार की पोस्ट सोशल मीडिया पर प्रसारित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राजनीतिक विरोध अपनी जगह है, लेकिन परिवार की महिलाओं और बेटियों को निशाना बनाना उचित नहीं है।

भाजपा के लोग राजनीतिक द्वेष के चलते कर रहे ऐसी टिप्पणी: शिवपाल

शिवपाल सिंह यादव ने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा के कुछ लोग राजनीतिक द्वेष के चलते इस स्तर तक उतर आए हैं कि वे सोशल मीडिया पर व्यक्तिगत और आपत्तिजनक टिप्पणियां करने से भी नहीं चूक रहे हैं।

उन्होंने कहा कि यह स्वस्थ लोकतंत्र और सभ्य राजनीतिक संस्कृति के अनुरूप नहीं है। देश-विदेश के लोग इस प्रकार की गतिविधियों को देख रहे हैं, जिससे राजनीतिक वातावरण प्रभावित होता है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं और समर्थकों में इस मामले को लेकर काफी नाराजगी है। यदि कार्यकर्ता सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करें तो कानून-व्यवस्था की स्थिति प्रभावित हो सकती है। हालांकि उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से संयम बनाए रखने की अपील की।

शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि पार्टी नेतृत्व पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है और हाईकमान द्वारा जो भी निर्णय लिया जाएगा, उसी के अनुरूप आगे की रणनीति तय की जाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से धैर्य रखने और वरिष्ठ नेतृत्व के निर्देशों की प्रतीक्षा करने को कहा।

उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया का उपयोग समाज में संवाद और विचारों के आदान-प्रदान के लिए होना चाहिए, न कि किसी व्यक्ति या परिवार की गरिमा को ठेस पहुंचाने के लिए। उन्होंने मामले में उचित कार्रवाई की अपेक्षा भी जताई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *