बंगाल में भाजपा की जीत के लिए हिमाचल के इन नेताओं ने तीन महीने तक बहाया पसीना, हर घर तक पहुंचकर बताई नीतियां

 बंगाल में भाजपा को मिली ऐतिहासिक जीत में हाईकमान, स्थानीय नेतृत्व और रणनीति की अहम भूमिका रही। हिमाचल के नेताओं ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है। प्रदेश भाजपा के संगठन महामंत्री सिद्धार्थन तीन माह से युवाओं की 50 सदस्यीय टीम के साथ कोलकाता सहित बंगाल के दूरदराज क्षेत्रों में चुनाव प्रचार में डटे रहे।

उन्होंने बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और चुनावी रणनीति को जमीन पर उतारने में अहम भूमिका निभाई।

हिमाचल से पूर्व मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर, अजय जम्वाल, शिशु धर्मा, राजपाल सिंह, सुमित शर्मा, पंकज जम्वाल, अजय ठाकुर, रवि मेहता और अन्य कई नेता शामिल रहे। इन नेताओं ने जनसभाओं या रोड शो में हिस्सा लेकर पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत करने में योगदान दिया। अनुराग ठाकुर ने भी कई रोड शो किए।

हर घर में पहुंचकर भाजपा व अन्य नेताओं में अंतर बताया

केंद्र सरकार की नीतियों को जनता तक पहुंचाया। पार्टी के पक्ष में माहौल बनाने में भी भूमिका निभाई है। बंगाल के हर घर में पहुंच कर हिमाचल के नेताओं ने भाजपा व अन्य नेताओं के बीच में अंतर को समझाया।

पवन राणा ने रणनीतिक प्रबंधन में भूमिका निभाई

इसके अलावा दिल्ली के संगठन महामंत्री एवं हिमाचल भाजपा के पूर्व संगठन महामंत्री पवन राणा ने बंगाल में संगठनात्मक समन्वय और रणनीतिक प्रबंधन में भूमिका निभाई। बंगाल में पार्टी के लिए जमीन मजबूत करने वाले नेताओं को आने वाले समय में संगठन में जिम्मेदारियां मिल सकती हैं।

भाजपा की जीत का जश्न

भाजपा की जीत का जश्न प्रदेशभर में मनाया गया। शिमला, मंडी, धर्मशाला, हमीरपुर, नाहन और रामपुर सहित विभिन्न हिस्सों में कार्यकर्ताओं ने मिठाई बांट आतिशबाजी की। पार्टी नेताओं ने इसे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय नेतृत्व की नीतियों पर जनता के विश्वास की जीत बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *