भदोही में 36 लाख की लागत से होगा जल निकासी प्रबंध, बदले जाएंगे क्षतिग्रस्त चेंबर

मानसून की आमद को देखते हुए भदोही नगर पालिका प्रशासन तैयारियों में जुट गया। बारिश के दौरान जलजमाव से प्रभावित वार्डों व मोहल्लों में निकासी प्रबंध करने की योजना पर काम शुरू हो गया है। इसी के साथ क्षतिग्रस्त चेंबर भी बदले जाएंगे। इसके लिए प्राथमिकता आधार पर अधिक समस्या वाले वार्डों में कार्य कराने की योजना बनाई गई है।

नगर के वार्ड17 पूरे रहीम आलमपुर और वार्ड 11 हरियांव में नाला निर्माण कराया जाएगा। इसके अलावा शहर के प्रमुख मार्गों पर स्थित क्षतिग्रस्त चेंबर बदलने व वार्ड 17 पूरे रहीम आलमपुर में इंटरलॉकिंग सड़क निर्माण कराने की योजना है। सीवर लाइन पहले ही डाली जा चुकी है।लगभग 36 लाख लागत वाले चारों कार्यों के लिए टेंडर भी जारी कर दिया गया है। यह समस्त कार्य राज्य वित्त फंड के मद से कराए जाएंगे। इसी तरह पिछले दिनों आयोजित बोर्ड की बैठक में सभासदों द्वारा दिए गए प्रस्ताव के अनुसार जलनिकासी व पेयजल प्रबंध कराया जाएगा। इसके लिए कार्ययोजना बनाई जा रही है।

पिछले साल बारिश के दौरान जिन वार्डों व मोहल्लों में अधिक समस्या उत्पन्न हुई थी वहां पहले से ही विकास कार्य कराए जा रहे हैं। जबकि मानसून से पहले पहले कुछ अन्य वार्डों में भी जलनिकासी प्रबंध कराने की योजना है।

वार्ड 17 पूरे रहीम आलमपुर में 9.99 लाख की लागत से जलनिकासी प्रबंध किया जाएगा जबकि इसी वार्ड में 9.99 लाख की लागत से इंटरलाकिंग सड़क का निर्माण कराया जाएगा।

इसी तरह वार्ड 11 हरियांव में 5.88 लाख की लागत से नाला निर्माण व 9.96 लाख की लागत से शहर के मुख्य मार्गों स्थित क्षतिग्रस्त चेंबर बदलने का काम किया जाएगा।

इन योजनाओं पर भी जल्द शुरू होगा काम

29 अप्रैल को आयोजित पालिका बोर्ड की बैठक में विकास कार्यों के प्रस्ताव पर मुहर लग चुकी है। राज्य वित्त, 15वें वित्त, बोर्ड फंड और शासन द्वारा अन्य मदों में प्राप्त धनराशि से सड़क निर्माण, जलनिकासी, जल शुद्धीकरण, प्रकाश व्यवस्था कराने की योजना है।

स्वच्छ भारत मिशन के तहत समस्त वार्डों में सफाई व्यवस्था सुदृढ़ करने, आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने, पेयजल आपूर्ति के लिए पाइप लाइन विस्तार, हैंडपंप रीबोर, अभयनपुर मैदान को पार्क के रूप में विकसित करने की योजना पर बोर्ड ने स्वीकृति प्रदान की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *