उपराज्यपाल मनोज सिन्हा सिन्हा ने खिलाड़ियों को नशा मुक्त भारत अभियान का ब्रांड एंबेसडर बनने का आह्वान किया। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने सोमवार को युवा खिलाड़ियों से नशा मुक्त भारत अभियान के ब्रांड एंबेसडर के रूप में कार्य करने का आह्वान किया और उनसे खेल तथा सोशल मीडिया के माध्यम से नशा विरोधी जागरूकता फैलाने की अपील की।
विश्वविद्यालय के खेल मैदान में उपराज्यपाल आयोजित ऑल इंडिया इंटर-यूनिवर्सिटी वुशु चैंपियनशिप (पुरुष एवं महिला) के उद्घाटन समारोह में बोल रहे थे, जिसमें देशभर की 150 से अधिक विश्वविद्यालयों के 1,000 से ज्यादा खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।
जम्मू-कश्मीर में चल रहे 23 दिवसीय नशा विरोधी अभियान का उल्लेख करते हुए सिन्हा ने कहा कि इस आंदोलन को मजबूत बनाने के लिए युवाओं की भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने खिलाड़ियों से जागरूकता के लिए छोटे वीडियो बनाने और उन्हें डिजिटल प्लेटफॉर्म पर साझा करने का आग्रह किया।
एक छोटा वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा करें
उन्होंने कहा, “मैं हर छात्र-खिलाड़ी से अनुरोध करता हूं कि 20 से 60 सेकंड का एक छोटा वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा करें। आपका संदेश कई युवाओं को सही दिशा दिखा सकता है।” खिलाड़ियों को समाज के लिए आदर्श बताते हुए एलजी ने कहा कि उनकी जिम्मेदारी केवल खेल उपलब्धियों तक सीमित नहीं है।
उन्होंने कहा, “आप भारत की नई पीढ़ी के रोल मॉडल हैं। आपकी आवाज युवाओं को नशे से दूर और खेल व अनुशासन की ओर ले जा सकती है।” सिन्हा ने इस बात पर जोर दिया कि खेल आयोजन सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण के मंच भी बनने चाहिए।
उन्होंने कहा, “यह चैंपियनशिप केवल पदक जीतने के लिए नहीं, बल्कि अनुशासन, चरित्र निर्माण और एक स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए भी है।” अपने आह्वान को दोहराते हुए एलजी ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई में सामूहिक प्रयास और युवाओं की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है, ताकि नशामुक्त भविष्य सुनिश्चित किया जा सके।


