शहर के सबसे व्यस्त मार्गों में शामिल रोडवेज बस स्टैंड से टूंडला जाने वाले रास्ते का करीब 300 मीटर हिस्सा पिछले तीन वर्षों से जर्जर हालत में पड़ा है। इस सड़क की बदहाली के चलते रोजाना हजारों लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन इसके बावजूद जिम्मेदार विभाग इस ओर ध्यान नहीं दे रहा। तीन वर्ष पूर्व यह सड़क बनी थी।
रोडवेज बस स्टैंड से टूंडला मार्ग पर गड्ढों की भरमार
यह मार्ग परिवहन निगम की बसों के साथ-साथ आम राहगीरों के लिए भी बेहद महत्वपूर्ण है। दिनभर यहां यातायात का भारी दबाव रहता है, लेकिन सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे होने के कारण वाहनों का गुजरना मुश्किल हो गया है।
सुबह व दोपहर के समय निकलने वाले छात्र-छात्राओं को भी होती है परेशानी
स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार इस समस्या की शिकायत नगर पालिका से की जा चुकी है, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। यह सड़क पहले पीडब्ल्यूडी के पास होने की बात कही जाती थी, लेकिन बाद में नगर पालिका की होना पाया गया। इस सड़क की वजह से सुबह व दोपहर स्कूल कॉलेज जाने वाले छात्र-छात्राओं को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
सड़क की स्थिति की जानकारी है
नगर पालिका ईओ निहाल सिंह ने बताया कि सड़क की स्थिति की जानकारी है और इसके निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार किया जा चुका है। जल्द ही बजट स्वीकृत होने के बाद कार्य शुरू कराया जाएगा, ताकि लोगों को इस समस्या से राहत मिल सके।


