जनपद में रविवार को भीषण गर्मी ने अपना प्रचंड रूप दिखाया। तापमान बढ़कर 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया। तेज धूप और लू के थपेड़ों ने लोगों को घरों में कैद रहने को मजबूर कर दिया।
दोपहर के समय शहर की प्रमुख सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा और जरूरी काम से निकलने वाले लोग भी सिर और चेहरे को ढककर ही बाहर निकलते नजर आए। सोमवार की सुबह तेज धूप ने फिर से लोगों को परेशान किया।
तेज धूप में सड़कों पर पसरा सन्नाटा
गर्मी का असर इतना अधिक रहा कि लोगों के गले सूखते रहे और पानी की तलाश में इधर-उधर भटकते देखे गए। सार्वजनिक स्थानों पर लगे हैंडपंप और वाटर कूलर के पास लोगों की भीड़ लगी रही। वहीं, ठंडे पेय पदार्थों की दुकानों पर भी जबरदस्त भीड़ देखने को मिली। नींबू पानी, शरबत, कोल्ड ड्रिंक और आइसक्रीम की बिक्री में अचानक तेजी आ गई, जिससे दुकानदारों के चेहरे खिल उठे। तेज गर्म हवाओं ने लोगों को और अधिक परेशान किया।
ठंडे पेय पदार्थों की दुकानों पर उमड़ी भीड़, सार्वजनिक स्थानों पर लोगों का बुरा हाल
लगभग 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही हवाएं भी राहत देने के बजाय बदन को झुलसाने का काम कर रही थीं। धूप इतनी तीखी रही कि कुछ ही मिनटों में शरीर पर उसका असर साफ महसूस होने लगा। राहगीर छांव की तलाश में इधर-उधर रुकते दिखाई दिए। भीषण गर्मी के चलते सबसे ज्यादा परेशानी दिहाड़ी मजदूरों और राहगीरों को उठानी पड़ी।
बारिश या मौसम बदलने का इंतजार
कामकाज करने वाले लोग दोपहर के समय काम रोकने को मजबूर हो गए। वहीं, रिक्शा चालकों और ठेला लगाने वालों की आय पर भी इसका असर पड़ा, क्योंकि दोपहर में ग्राहक ही नहीं मिले। बढ़ती गर्मी ने रविवार को जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है और लोग अब वर्षा या मौसम में बदलाव का इंतजार कर रहे हैं, जिससे इस भीषण गर्मी से राहत मिल सके।
लू की वजह से डिहाइड्रेशन की बढ़ रही समस्या
मेडिकल कॉलेज के साथ ही निजी अस्पतालों में भी गर्मी से संबंधित बीमारियों के मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। चक्कर आना, उल्टी, सिरदर्द और डिहाइड्रेशन की शिकायत लेकर लोग रविवार को काफी संख्या में पहुंचे। इमरजेंसी में करीब 10 मरीजों को गंभीर हालत में डायरिया, उल्टी दस्त के चलते भर्ती कराया गया। स्वास्थ्य लाभ मिलने पर स्वजन घर ले गए।
मेडिकल कॉलेज के वरिष्ठ चिकित्सक एवं सीएमएस डॉक्टर सुरेश चंद्रा का कहना है कि लोग धूप में निकलने से बचने, अधिक से अधिक पानी पीने और हल्का भोजन करने की सलाह दी है।
गर्मी से राहत की संभावनाएं फिलहाल कम
कृषि विज्ञान केंद अवागढ़ के मौसम वैज्ञानिक रवींद्र सिंह ने बताया कि फिलहाल गर्मी से राहत मिलने के आसार कम हैं। आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। पश्चिमी हवाओं और साफ आसमान की वजह से तापमान लगातार बढ़ रहा है। यदि यही स्थिति बनी रही तो गर्मी से राहत की संभावनाएं कम हैं।
लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह
मौसम विभाग ने लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। खासकर बुजुर्गों, बच्चों और बीमार व्यक्तियों को दोपहर के समय घर से बाहर न निकलने की चेतावनी दी गई है। साथ ही, लू से बचाव के लिए सिर को ढककर रखने, पानी और तरल पदार्थों का अधिक सेवन करने तथा धूप में अधिक समय तक रहने से बचने की सलाह दी गई है।


