गोरखपुर विश्वविद्यालय सम सेमेस्टर परीक्षाएं आज से शुरू, सीसी कैमरे से निगरानी

1983 Shares

दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय और संबद्ध महाविद्यालयों में स्नातक और परास्नातक के सम सेमेस्टर की परीक्षाएं शुक्रवार से शुरू हो रही हैं। इसे लेकर सभी तैयारियां गुरुवार को पूरी कर ली गई हैं। शुचितापूर्ण परीक्षा के लिए सभी परीक्षा केंद्रों की सीसी कैमरे से निगरानी की जाएगी।

विश्वविद्यालय प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार सम सेमेस्टर परीक्षाओं में कुल 1,56,075 विद्यार्थी शामिल होंगे। स्नातक की परीक्षाएं तीन पालियों में डेढ़-डेढ़ घंटे की होंगी। इसी तरह परास्नातक की परीक्षाएं तीन-तीन घंटे की दो पालियों में संपन्न होगी।

परीक्षा के पहले दिन विभिन्न विषयों के लिए 25,491 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। इनमें 16,284 छात्र व 9207 छात्राएं शामिल हैं। इनमें यूजी के 23,260 व पीजी के 907 विद्यार्थी शामिल हैं।

सुबह नौ बजे से होंगी पहली पाली की सभी परीक्षाएं
विश्वविद्यालय और महाविद्यालयों में पहली पाली की सभी परीक्षाएं शुक्रवार से सुबह नौ बजे से होंगी। यह छह अप्रैल से चल रही वार्षिक परीक्षाओं पर भी लागू होगा। अब तक वार्षिक परीक्षाएं पहली पाली में सुबह आठ बजे से हो रही थीं। शिक्षकों-कर्मचारियों की मांग पर यह बदलाव किया गया है।

परीक्षा नियंत्रक डा.कुलदीप सिंह ने कहा कि सभी संबंधित विद्यार्थी संशोधित समय सारिणी के अनुसार निर्धारित केंद्रों पर परीक्षा में शामिल हों। सभी नोडल केंद्रों के जरिये परीक्षा केंद्रों पर प्रश्न पत्र व कापियां उपलब्ध करा दी गई हैं। ताकि परीक्षा में किसी तरह का कोई व्यवधान उत्पन्न न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *