फारबिसगंज रेड लाइट एरिया में में शुक्रवार की देर शाम पुलिस ने गहन छापेमारी अभियान चलाते हुए तीन दर्जन से अधिक युवक एवं युवतियों को हिरासत में लिया है। यह कार्रवाई एसपी जितेंद्र कुमार के निर्देश पर गठित विशेष टीम के द्वारा की गई।
इस दौरान पूरे रेड लाइट एरिया में हड़कंप मचा रहा। छापामारी के दौरान बाल मित्र संस्था पटना की बबीता कुमारी भी पुलिस के सहयोग के लिए मौजूद थी।
छापेमारी दल में यातायात डीएसपी फखरे आलम, साइबर डीएसपी रजिया सुल्ताना, फारबिसगंज के अपर थानाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार गुप्ता सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी व जवान शामिल थे।
पुलिस ने पहले पूरे क्षेत्र की घेराबंदी की और उसके बाद महिला व पुरुष सिपाहियों के साथ घर-घर जाकर तलाशी अभियान चलाया। जहां तीन दर्जन से अधिक महिला एवं पुरुषों को हिरासत में लिया गया।
पूछताछ में जुटी पुलिस
हिरासत में लिए गए युवक एवं युवतियों को फारबिसगंज थाना लाया गया है। जहां उससे गहन पूछताछ एवं जांच की जा रही है। कई युवतियों से जबरन देह व्यापार का धंधा कराए जाने की संभावना व्यक्त की जा रही है।
बताया जाता है कि पुलिस ने देह व्यापार के कारोबार को संचालित करने वाले एक दर्जन महिला एवं पुरुष की पहचान भी की है। जिसमें स्थानीय फारबिसगंज के अलावा पड़ोसी जिला किशनगंज के भी महिला एवं पुरुष शामिल है। हालांकि मामले में पुलिस कुछ भी बताने से इंकार कर रही है।
वहीं, जानकारों की माने तो इससे पूर्व भी कई बार रेड लाइट एरिया में पुलिस की छापेमारी हुई है। जिसमें युवतियों को बरामद करते हुए उसे देह व्यापार के दलदल से मुक्त कराया गया है।
अररिया के तत्कालीन एसपी शिवदीप लांडे के नेतृत्व में भी रेड लाइट एरिया में छापेमारी हुई थी। जिसमें युवतियों को बरामद किया गया था।


