शाम तक नहीं खुला दरवाजा तो खिड़की से देखा, अंदर लहूलुहान पड़ा था महिला का शव; गुरुग्राम में सनसनीखेज वारदात

 गुरुग्राम के बजघेड़ा थाना क्षेत्र के चौमा फाटक के पास किराये पर रहने वाली एक महिला की पीट-पीटकर हत्या का मामला सामने आया है। आरोप उसके पति पर ही लगा है।

घटना के बाद आरोपित फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। हत्या की धाराओं में केस दर्ज किया गया है।

मृत महिला की पहचान 22 वर्षीय गुंजन के रूप में की गई। बताया जाता है कि गुंजन अपने पति सुनील के साथ चौमा फाटक के पास रामबिलास के घर में किराए पर रहती थी।

शाम तक भी नहीं खुला दरवाजा तो लोगों ने खिड़की से देखा

मंगलवार रात से ही गुंजन के रूम का दरवाजा बंद था। बुधवार शाम तक भी जब दरवाजा नहीं खुला तो घर में रहने वाले लोगों ने खिड़की से झांककर देखा। अंदर गुंजन का शव पड़ा था।

सूचना पर पहुंची बजघेड़ा थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एफएसएल, सीन ऑफ क्राइम टीम ने घटनास्थल की जांच की। जांच में महिला के शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं।

घटना के बाद से फरार है श्रमिक

मकान मालिक से पूछताछ में पता चला कि महिला पति के साथ किराये पर कई महीनों से यहां रह रही थी। सुनील कुमार श्रमिक का काम करता था। घटना के बाद से ही वह फरार है।

हत्या का शक उसी पर जताया गया है। थाना पुलिस ने बताया कि आरोपित की तलाश की जा रही है। महिला के परिवारवालों को इसकी सूचना दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *