रांची में इंटरनेशनल ड्रग नेटवर्क का भंडाफोड़, हाई-प्रोफाइल पार्टीज़ और कॉलेजों तक LSD सप्लाई

1390 Shares

राजधानी रांची में नशे के अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। पुलिस की बड़ी कार्रवाई में यूरोप से मंगाया गया एलएसडी (LSD) ड्रग बरामद किया गया है। इस ऑपरेशन का नेतृत्व कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय ने किया, जबकि प्रशिक्षु आईपीएस साक्षी जमुआर भी टीम में शामिल रहीं।

एक महीने से पार्सल पर थी नजर

पुलिस को गोपनीय सूचना मिली थी कि राजधानी में विदेशी पार्सल के जरिए नशीले पदार्थ मंगाए जा रहे हैं। इसके बाद करीब एक महीने तक यूरोप से आने वाले संदिग्ध पार्सलों की निगरानी की गई।

जैसे ही संदिग्ध पार्सल रांची पहुंचा और एक युवक ने उसे कूरियर के माध्यम से प्राप्त किया, पुलिस ने पहले से बिछाए जाल के तहत मौके पर ही उसे गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार युवक एक अधिवक्ता का पुत्र बताया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वह पहली बार यूरोप से एलएसडी मंगवा रहा था। इससे पहले वह मुंबई और हिमाचल प्रदेश सहित अन्य स्थानों से नशीले पदार्थ मंगाकर सेवन करता रहा है।

अमीर घरानों के युवाओं तक सप्लाई

पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि यह गिरोह राजधानी के तथाकथित हाई-प्रोफाइल परिवारों और कॉलेजों के युवाओं को नशे की सप्लाई करता था। शहर के अलग-अलग स्थानों पर गुप्त तरीके से इसका सेवन किया जाता था।

अब पुलिस रांची की हाई-प्रोफाइल पार्टियों, रेस्टोरेंट और बार में संभावित सप्लाई नेटवर्क की भी जांच करेगी। आशंका है कि ड्रग्स की खेप विशेष आयोजनों और निजी पार्टियों तक पहुंचाई जाती थी।

अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन की जांच

फिलहाल गिरफ्तार युवक से गहन पूछताछ जारी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यूरोप में बैठे सप्लायर कौन हैं, भुगतान किस माध्यम से किया गया और इस नेटवर्क में स्थानीय स्तर पर कौन-कौन शामिल हैं।

अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई राजधानी में सक्रिय एक बड़े ड्रग नेटवर्क के पर्दाफाश की शुरुआत हो सकती है। आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां संभव हैं।

क्या है एलएसडी?

Lysergic acid diethylamide (LSD) एक शक्तिशाली साइकेडेलिक ड्रग है, जो मस्तिष्क और इंद्रियों पर गहरा प्रभाव डालता है। इसके सेवन से व्यक्ति की सोच, महसूस करने और देखने की क्षमता प्रभावित होती है। यह प्रतिबंधित नशीला पदार्थ है और इसका निर्माण, खरीद-फरोख्त तथा सेवन कानूनन अपराध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *