मुंबई के चांदिवली इलाके में एक चार मंजिला व्यावसायिक इमारत में लगी आग से दो लोगों की मौत हो गई। यह जानकारी नगर निगम अधिकारियों ने बुधवार को दी।
पूर्वी उपनगर अंधेरी में स्थित नारायण प्लाजा बिल्डिंग के टेक्स सेंटर की तीसरी मंजिल पर शाम 6.36 बजे आग लग गई। नगर निगम के एक अधिकारी ने बताया कि मुंबई अग्निशमन विभाग की टीम ने तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया।
आग लगने से इमारत पूरी तरह धुएं से भर गई थी। अधिकारी ने बताया कि इमारत के एक कार्यालय में दो लोग बेहोश पाए गए, जिन्हें दमकलकर्मियों ने तत्काल बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, बाद में उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
अधिकारियों ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच जारी है और भवन में सुरक्षा मानकों का उल्लंघन हुआ या नहीं, इसकी भी समीक्षा की जाएगी।

