हरिद्वार में दर्दनाक हादसा, तेज रफ्तार लोडर की टक्कर से कार सवार व्यापारी की मौत

2.8kViews
1811 Shares

कनखल क्षेत्र में सगाई समारोह से लौट रहे कार सवार एक परिवार को तेज रफ्तार लोडर ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ज्वालापुर के व्यापारी बिजेंद्र चौहान की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

आरोपित लोडर चालक फरार हो गया। पुलिस के मुताबिक, ज्वालापुर के पीठ बाजार निवासी बिजेंद्र चौहान अपने परिवार के साथ फेरूपुर स्थित निर्भया फार्म हाउस में सगाई कार्यक्रम में शामिल होकर कार से घर लौट रहे थे।

जैसे ही वाहन जगजीतपुर स्थित मैंगो फार्म के पास पहुंचा, पीछे से आ रहे एक लोडर ने तेज रफ्तार में कार में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और बिजेंद्र चौहान गंभीर रूप से घायल हो गए। परिवार के अन्य सदस्यों को भी चोटें आईं। हादसे के बाद सड़क पर जाम लग गया।

आसपास मौजूद लोग तुरंत घायल परिवार की मदद में जुट गए और सभी को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। उपचार के दौरान डॉक्टरों ने बिजेंद्र चौहान को मृत घोषित कर दिया। उनकी पत्नी कमलेश, आभा, सतीश और 10 वर्षीय निकुंज घायल हैं और उनका इलाज जारी है।

कनखल थाना प्रभारी मनोहर सिंह रावत ने बताया कि कार और लोडर वाहन को कब्जे में ले लिया गया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *