मकान की छत गिरने से एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत, परिवार में पसरा मातम

2.7kViews
1956 Shares

 बिहार की राजधानी पटना से सटे दानापुर विधानसभा क्षेत्र के दियारा इलाके में रविवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हुआ है। अकिलपुर थाना क्षेत्र के मानस नयापानापुर 42 पट्टी गांव में एक मकान की छत अचानक ढह गई जिसके मलबे के नीचे दबने से एक ही परिवार के 5 सदस्यों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में 3 नाबालिग बच्चे शामिल हैं।

सोते हुए परिवार की मौत

यह जर्जर मकान इंदिरा आवास योजना के तहत बना था। रात करीब 10 बजे परिवार रोज़ की तरह रात का खाना खाने के बाद सो गया था तभी यह हादसा हो गया। मृतकों की पहचान 32 वर्षीय बबलू खान, उनकी पत्नी 30 वर्षीय रौशन खातून और उनके तीन बच्चों 10 साल का बेटा मोहम्मद चांद, 12 साल की बेटी रुकसार और 2 साल की सबसे छोटी बेटी चांदनी के रूप में हुई है। मकान के ढहते ही ज़ोरदार आवाज़ आई और चारों तरफ चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर गांव के लोग दौड़े आए और पुलिस को सूचना दी।

बारिश और आर्थिक तंगी बनी वजह

अकिलपुर थाना पुलिस सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची और लोगों की मदद से बचाव अभियान शुरू किया। लोगों ने मलबे के नीचे दबे परिवार के सदस्यों को बाहर निकाला लेकिन तब तक वे दम तोड़ चुके थे। उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

स्थानीय लोगों ने बताया कि इंदिरा आवास योजना के तहत बना यह मकान काफी पुराना था। लगातार बारिश के कारण इसकी छत जर्जर हो गई थी और दीवारों की नींव भी कमज़ोर पड़ गई थीं। परिवार आर्थिक रूप से कमज़ोर होने के कारण इसकी मरम्मत नहीं करा पाया था।

वहीं थानाध्यक्ष विनोद ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पांचों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्राथमिक जाँच में हादसे की वजह बारिश से मकान की छत का कमज़ोर पड़ना बताया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *