देवरिया में संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला विवाहिता का शव, घरवालों ने लगाया हत्या का आरोप

4.0kViews
1152 Shares

 अहिरौली गांव में गुरुवार की देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में एक विवाहिता का शव कमरे में पंखे के सहारे फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंचे मायके पक्ष के लोगों ने ससुरालियों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

अहिरौली गांव निवासी नीतू देवी (28) की शादी अप्रैल 2024 में अखिलेश साहनी के साथ हुई थी। गुरुवार की रात खाना खाने के बाद वह अपने कमरे में सोने चली गई। स्वजन के अनुसार, रात करीब दो बजे उसकी बेटी प्रियांशी रोने लगी।

आवाज सुनकर परिवार के सदस्य कमरे के पास पहुंचे और दरवाजा खटखटाकर आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। खिड़की से झांककर देखा तो नीतू पंखे के सहारे फंदे से लटक रही थी। इसके बाद दरवाजा तोड़कर उसे नीचे उतारा गया, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी। नीतू का पति ट्रक चालक है।

घटना की सूचना पर पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी। उधर, तरकुलवा क्षेत्र के सबवट गांव निवासी मृतका के भाई धर्मेंद्र साहनी ने आरोप लगाया कि उसकी बहन को दहेज के लिए ससुराल में प्रताड़ित किया जाता था।

उसने ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। प्रभारी निरीक्षक बीवी राजभर ने बताया कि विवाहिता की फंदे से लटकने से मौत की सूचना मिली है। मायके पक्ष ने दहेज हत्या का आरोप लगाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *