उत्तराखंड आयुर्वेद विश्वविद्यालय में आयुष यूजी काउंसलिंग के दौरान दाखिले से जुड़ा एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक अभ्यर्थी के नीट स्कोर में कथित तौर पर 100 अंकों की बढ़ोतरी कर बीएएमएस में प्रवेश लेने का प्रयास किया गया। विश्वविद्यालय की जांच में दस्तावेजों में अंतर सामने आने के बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ है।
दरअसल, फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति 24 नवंबर को अपनी बेटी की यूजी मॉपअप राउंड काउंसलिंग में शामिल होने पहुंचा था। उसने दावा किया कि नीट परीक्षा के परिणाम में उसकी बेटी के अंक गलत दर्ज हुए हैं। उसके अनुसार, अभ्यर्थी के वास्तविक अंक 215 के बजाय 315 होने चाहिए। इस दावे के समर्थन में 315 अंकों वाला स्कोरकार्ड भी प्रस्तुत किया गया था।
क्यूआर कोड स्कैन करते ही खुला मामला
काउंसलिंग के दौरान जब प्रस्तुत स्कोरकार्ड के क्यूआर कोड को स्कैन किया गया, तो उसमें 215 अंक ही प्रदर्शित हुए। इसके बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने अपने रिकॉर्ड की जांच की। जांच में एक ही आवेदन संख्या पर दो अलग-अलग आवेदन प्रपत्र मिले, जिनमें अंक और ऑल इंडिया रैंक अलग-अलग दर्ज थी।
अंकों के साथ रैंक में भी बड़ा अंतर
विश्वविद्यालय के रिकॉर्ड के मुताबिक, एक आवेदन में अभ्यर्थी के 215 अंक, 50.6446088 पर्सेंटाइल और ऑल इंडिया रैंक 9,81,113 दर्ज थी। वहीं दूसरे आवेदन में 315 अंक, 72.7723205 पर्सेंटाइल और ऑल इंडिया रैंक 5,81,113 दिखाई गई।
हैरानी की बात यह रही कि दोनों आवेदन में अभ्यर्थी का नीट रोल नंबर, जन्मतिथि, व्यक्तिगत जानकारी, भुगतान और च्वाइस लॉकिंग का समय समान था। दोनों आवेदन 19 नवंबर को सुबह 8 बजकर 53 मिनट पर लॉक किए गए थे और दोनों में 2,000 रुपये का भुगतान दर्ज था।
विश्वविद्यालय ने पुलिस को दी शिकायत
इस मामले को काउंसलिंग बोर्ड ने दाखिले में अनुचित लाभ लेने के लिए दस्तावेजों में कथित हेरफेर का मामला माना। इसके बाद विश्वविद्यालय ने संबंधित दस्तावेजों को संदिग्ध और कूटरचित बताते हुए पुलिस से जांच और कार्रवाई की मांग की है। विश्वविद्यालय के उप कुलसचिव संजीव कुमार पांडेय की ओर से डोईवाला थाने में शिकायत दी गई है। शिकायत में अभ्यर्थी के पिता के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।
दाखिला प्रक्रिया की पारदर्शिता पर फिर उठे सवाल
गौरतलब है कि उत्तराखंड आयुर्वेद विश्वविद्यालय में इस समय आयुष यूजी की मॉपअप राउंड काउंसलिंग चल रही है। बड़ी संख्या में रिक्त सीटों को भरने के लिए यह प्रक्रिया आयोजित की गई है। विश्वविद्यालय की ओर से नीट स्कोर और आवश्यक दस्तावेजों के सत्यापन के आधार पर प्रवेश प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
इस घटना ने एक बार फिर मेडिकल और आयुष पाठ्यक्रमों में दाखिला प्रक्रिया की पारदर्शिता तथा दस्तावेजों के सत्यापन की अहमियत को सामने ला दिया है।
फिलहाल पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच की मांग की गई है। जांच के बाद ही कथित फर्जीवाड़े से जुड़े सभी पहलुओं और जिम्मेदार लोगों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

