‘हम मर जाएंगे, गाड़ी रोक दो…’, फिर भी नहीं रुका चालक, धार में पिता-पुत्र को बोनट पर लटकाकर 4 किमी दौड़ाई कार

1544 Shares

हम मर जाएंगे, प्लीज गाड़ी रोक दो…” कार के बोनट पर लटके पिता-पुत्र की यह गुहार भी चालक को वाहन रोकने के लिए मजबूर नहीं कर सकी। आरोप है कि वह दोनों की जान जोखिम में डालकर करीब चार किलोमीटर तक कार दौड़ाता रहा। बोनट पर फंसे पिता-पुत्र खुद को संभालने की कोशिश करते हुए मदद के लिए चिल्लाते रहे। आखिरकार ग्रामीणों ने पीछा कर लोनी फाटे के पास कार रुकवाई और दोनों को सुरक्षित बचाया।

दिल दहला देने वाली यह घटना 21 अक्टूबर की रात करीब आठ बजे धार जिले के कुक्षी की है। घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। पुलिस ने कार जब्त कर चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की चार धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है।

पैर में टक्कर के बाद शुरू हुआ विवाद

पुलिस के अनुसार, घटना कुक्षी थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर-2 स्थित सुतार मोहल्ले की है। फरियादी बाबूलाल भूराजी रात में पैदल अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान कार क्रमांक एमपी-13-झेडएल-8063 के चालक ने कथित तौर पर तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनके पैर में टक्कर मार दी।

बाबूलाल ने चालक को रोककर समझाने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि बात संभालने के बजाय चालक ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी बीच बाबूलाल का बेटा भारत भी मौके पर पहुंच गया।

बेटे ने खींची कार की फोटो, चालक ने बढ़ा दी रफ्तार

विवाद के दौरान भारत कार की फोटो खींचने लगा। आरोप है कि इसी बात पर चालक ने अचानक कार आगे बढ़ा दी। इससे बाबूलाल और भारत बोनट पर जा गिरे। दोनों ने खुद को संभालने और कार से गिरने से बचने की कोशिश की, लेकिन चालक ने वाहन रोकने के बजाय रफ्तार बनाए रखी।

बोनट पर लटके पिता-पुत्र बार-बार चालक से गाड़ी रोकने की गुहार लगाते रहे। उनकी जान पर लगातार खतरा बना रहा, लेकिन कार आगे बढ़ती रही।

ग्रामीणों ने पीछा कर रुकवाई कार

पिता-पुत्र की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण सक्रिय हुए और कार का पीछा करना शुरू कर दिया। काफी प्रयास के बाद करीब चार किलोमीटर दूर लोनी फाटे के पास वाहन रुकवाया जा सका। इसके बाद दोनों को बचाया गया। घटना के दौरान सड़क पर मौजूद लोगों में भी अफरा-तफरी मच गई। यदि ग्रामीण समय रहते कार नहीं रुकवाते, तो बड़ा हादसा हो सकता था।

चालक के नशे में होने की भी चर्चा

पुलिस के मुताबिक, कार में सवार लोग इंदौर से डही में अपने रिश्तेदारों से मिलने आए थे और रात में वापस लौट रहे थे। ग्रामीणों ने चालक के शराब के नशे में होने की बात कही है, हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

पुलिस ने वाहन जब्त कर चालक के खिलाफ बीएनएस की चार धाराओं में मामला दर्ज किया है। पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *