हापुड़ पुलिस मुठभेड़ में मृत श्याम मामले की मजिस्ट्रियल जांच शुरू

1577 Shares

थाना देहात क्षेत्र के गांव गोंदी के जंगल में पुलिस मुठभेड़ के दौरान घायल होने के बाद जान गंवाने वाले श्याम के मामले की मजिस्ट्रियल जांच शुरू हो गई है।

जिलाधिकारी के निर्देश पर उपजिलाधिकारी (न्यायिक) अखिलेश कुमार यादव को जांच अधिकारी नामित किया गया है। अब जांच अधिकारी ने सार्वजनिक सूचना जारी कर घटना के संबंध में जानकारी रखने वाले लोगों से बयान और साक्ष्य प्रस्तुत करने की अपील की है।

उपजिलाधिकारी (न्यायिक) अखिलेश कुमार यादव ने बताया कि 18 जून 2026 की रात गांव सादिकपुर की ओर जाने वाले रास्ते पर ग्राम गोंदी के जंगल में थाना देहात और नगर पुलिस की श्याम पुत्र वीरेंद्र प्रताप सिंह से मुठभेड़ हुई थी।

मजिस्ट्रिलय जांच शुरू

श्याम मूल रूप से रामपुर जिले के पटवाई थाना क्षेत्र के सूरजपुर का निवासी था और वर्तमान में उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर स्थित महालक्ष्मी कॉलोनी में रह रहा था।

मुठभेड़ के दौरान श्याम घायल हो गया था। पुलिस उसे उपचार के लिए गढ़ रोड स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। घटना की मजिस्ट्रियल जांच के लिए जिलाधिकारी ने उन्हें सौंपी है।

जांच अधिकारी को दर्ज करा सकते हैं अपना बयान

घटना के संबंध में किसी व्यक्ति, समूह या संस्था के पास कोई महत्वपूर्ण जानकारी, तथ्य अथवा साक्ष्य हैं, तो वह एक सप्ताह के भीतर किसी भी कार्यदिवस में सुबह दस बजे से शाम पांच बजे तक जांच अधिकारी के कार्यालय में उपस्थित होकर अपना लिखित या मौखिक बयान दर्ज करा सकते हैं। संबंधित लोग अपने पास उपलब्ध साक्ष्य भी प्रस्तुत कर सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *