न पद की चाहत, ना टिकट की होड़… 26 वर्षों से कांग्रेस के ‘सुपरफैन’ बने घूम रहे विनोद तिरंगा, राहुल गांधी भी कायल

8.2kViews
1978 Shares

क्रिकेट में जैसे सचिन तेंदुलकर के सुपरफैन सुधीर कुमार चौधरी और महेंद्र सिंह धोनी के प्रशंसक मोहम्मद बशीर ‘चाचा शिकागो’ की अपनी अलग पहचान है, ठीक उसी तरह राजनीति में भी एक ऐसा शख्स है, जिसकी दीवानगी उसे भीड़ से अलग कर देती है।

चंडीगढ़ में मंगलवार को पंजाब कांग्रेस के शक्ति प्रदर्शन में पहुंच रहे 59 वर्षीय विनोद कुमार तिरंगा भी ऐसे ही कांग्रेस के ‘सुपरफैन’ हैं। करीब 26 वर्षों से कांग्रेस का समर्थन कर रहे विनोद की पहचान केवल एक कार्यकर्ता के रूप में नहीं, बल्कि उनकी खास पोशाक और पार्टी के प्रति जुनून के कारण बनी है।

पानीपत के निवासी हैं विनोद

हरियाणा के पानीपत के कुलदीप नगर, गड़ी सिकंदरपुर निवासी विनोद कुमार जहां भी कांग्रेस का बड़ा कार्यक्रम देखते हैं, वहां पहुंचने की कोशिश करते हैं।

पंजाब हो, हरियाणा, दिल्ली या देश का कोई अन्य हिस्सा धरना, प्रदर्शन, रैली या पार्टी का बड़ा आयोजन हो तो विनोद अपनी विशेष कांग्रेस परिधान में वहां नजर आ जाते हैं।

उनकी पोशाक ही दूर से बता देती है कि कांग्रेस का यह समर्थक कार्यक्रम में पहुंच चुका है। विनोद बताते हैं कि अब तक वह 28 राज्यों में कांग्रेस के विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा ले चुके हैं।

कांग्रेस से 26 साल पुराना नाता

उनका कहना है कि कांग्रेस के प्रति उनका जुड़ाव करीब 26 साल पुराना है और इतने लंबे समय में उन्होंने पार्टी के कई उतार-चढ़ाव देखे हैं। उनके लिए कांग्रेस का कार्यक्रम केवल राजनीतिक आयोजन नहीं, बल्कि ऐसा मौका है जहां वह अपने पसंदीदा नेताओं और पार्टी के दूसरे समर्थकों से मिलते हैं।

यही वजह है कि कांग्रेस के कई बड़े नेता भी अब विनोद को उनके नाम से पहचानते हैं। राहुल गांधी, कैप्टन अमरिंदर सिंह, चरणजीत सिंह चन्नी, हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और सांसद दीपेंद्र हुड्डा समेत कई वरिष्ठ नेताओं से उनकी मुलाकात हो चुकी है। विनोद के अनुसार, जहां भी वह इन नेताओं से मिलते हैं, वे उन्हें पहचानते हैं और सम्मान के साथ बातचीत करते हैं।

अचानक नहीं मिली पहचान

दैनिक जागरण से विशेष बातचीत में विनोद के लिए यह पहचान अचानक नहीं बनी। वर्षों तक लगातार पार्टी के कार्यक्रमों में पहुंचना, अलग अंदाज में कांग्रेस का समर्थन करना और नेताओं से मुलाकात करते रहना उनकी दिनचर्या का हिस्सा बन चुका है। यही कारण है कि किसी बड़े कांग्रेस कार्यक्रम में वह खुद एक आकर्षण बन जाते हैं और कार्यकर्ता उनके साथ तस्वीरें खिंचवाते दिखाई देते हैं।

मंगलवार को पंजाब कांग्रेस के प्रदर्शन में भी उनकी मौजूदगी खास रहेगी। नए पंजाब प्रभारी सचिन पायलट की मौजूदगी में होने वाले इस शक्ति प्रदर्शन में पंजाब कांग्रेस के लगभग सभी बड़े नेता सड़क पर उतरेंगे। लेकिन नेताओं की भीड़ के बीच खास परिधान में खड़े विनोद कुमार तिरंगा की कहानी अलग होगी।

किसी पद या टिकट का लालच नहीं

राजनीति में जहां समर्थक अक्सर चुनाव या किसी खास मुद्दे के समय दिखाई देते हैं, वहीं विनोद का दावा है कि उनका साथ 26 साल से लगातार है। वह खुद को किसी पद या टिकट का दावेदार नहीं बताते, बल्कि कहते हैं कि उनका मकसद कांग्रेस के कार्यक्रमों में पहुंचना और पार्टी के प्रति अपना समर्थन दिखाना है।

यही जुनून उन्हें आम राजनीतिक समर्थक से अलग करता है। क्रिकेट के मैदान में सुपरफैन अपनी खास वेशभूषा से हजारों की भीड़ में पहचान लिए जाते हैं, उसी तरह राजनीतिक मंच और सड़कों पर कांग्रेस की विशेष पोशाक में विनोद कुमार तिरंगा भी दूर से पहचाने जाते हैं। उनकी कहानी बताती है कि राजनीति में केवल नेता ही नहीं, कुछ समर्थक भी अपनी अलग पहचान बना लेते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *