निगाही खदान से डीजल चोरी का बड़ा मामला! 400 लीटर डीजल सहित कैंपर जब्त, चालक वाहन छोड़कर फरार
सिंगरौली। जिले के नवानगर थाना क्षेत्र अंतर्गत एनसीएल की निगाही परियोजना में डीजल चोरी का मामला सामने आया है। रविवार की रात्रि करीब 10:30 बजे निगाही खदान क्षेत्र से कथित रूप से चोरी का डीजल लेकर बाहर निकल रही एक कैंपर वाहन को परियोजना की सुरक्षा टीम ने पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि सुरक्षा कर्मियों द्वारा वाहन को रोके जाने के बाद चालक कैंपर को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया।
सूत्रों के अनुसार, कैंपर वाहन में दो ड्रम रखे हुए थे, जिनमें करीब 400 लीटर डीजल भरा होने की बात सामने आ रही है। इसके बाद निगाही परियोजना की सुरक्षा टीम ने कैंपर वाहन एवं उसमें रखे डीजल के ड्रमों को पुलिस के हवाले कर दिया। बताया जा रहा है कि पुलिस ने मामले में तत्परता दिखाते हुए रात्रि में ही प्राथमिक कार्रवाई करते हुए प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ईस्ट क्षेत्र के पार्किंग से डीजल चोरी होने की आशंका
सूत्रों की मानें तो जब्त किया गया डीजल एनसीएल निगाही परियोजना के ईस्ट क्षेत्र से चोरी किया गया हो सकता है। सूत्रों का यह भी दावा है कि परियोजना के ईस्ट क्षेत्र में स्थित पार्किंग में खड़ी भारी मशीनों से डीजल चोरी की घटनाएं लंबे समय से सामने आती रही हैं। सूत्रों के अनुसार, इन दिनों क्षेत्र में एक पुराना डीजल चोरी गिरोह सक्रिय होने की चर्चा है, जो पार्किंग में खड़ी मशीनों को निशाना बनाकर डीजल चोरी की वारदातों को अंजाम देता है। हालांकि, पुलिस जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

पूर्व में विवादों में रहे एनसीएल कर्मी के पुत्र का नाम?
सूत्रों के अनुसार, इस मामले में निगाही परियोजना के एक एनसीएल कर्मी के पुत्र का नाम भी चर्चा में है। बताया जा रहा है कि घटना के दौरान कैंपर वाहन वही चला रहा था और वाहन रोके जाने के बाद वह मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया।

निगाही परियोजना से कथित रूप से लगातार डीजल चोरी की घटनाएं सामने आने की चर्चाओं के बीच परियोजना की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। सूत्रों का आरोप है कि पार्किंग क्षेत्र में तैनात निजी सुरक्षा एजेंसी के कुछ सुरक्षा कर्मियों की भूमिका की भी जांच की जानी चाहिए। सूत्रों का कहना है कि यदि इतनी बड़ी मात्रा में डीजल चोरी कर वाहन के माध्यम से बाहर ले जाने का प्रयास किया जा रहा है, तो परियोजना की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा आवश्यक है।
वहीं, सूत्रों के अनुसार एनसीएल के विभिन्न क्षेत्रों में प्रतिदिन व्यापक स्तर पर डीजल चोरी होने की शिकायतें सामने आती रही हैं। अब निगाही परियोजना की सुरक्षा व्यवस्था, निजी सुरक्षा कर्मियों की भूमिका और डीजल चोरी के संभावित नेटवर्क की जांच पुलिस के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
फिलहाल नवानगर पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि डीजल कहां से चोरी किया गया, इसमें कौन-कौन लोग शामिल हैं और क्या इसके पीछे कोई संगठित गिरोह सक्रिय है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

